भिवानी। महम गेट स्थित हरियाणा शेखावटी ब्रह्मचार्य संस्कृत महाविद्यालय की छात्रा दिव्या शर्मा ने हाल ही में राजस्थान यूनिवर्सिटी जयपुर में आयोजित हुए राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। पदक विजेता खिलाड़ी का बुधवार को महाविद्यालय में पहुंचने पर स्वागत किया। सम्मान समारोह में महिला थाना प्रभारी कमलेश देवी मुख्य रूप से पहुंची।
उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के टिप्स देते हुए कहा कि डिजिटल समय में साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता बहुत जरूरी है। आज प्रत्येक जन के हाथ में मोबाइल है। ऐसे में साइबर अपराध भी दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में साइबर अपराध पर सिर्फ जागरूकता से ही अंकुश लगाया जा सकता है। इसके लिए सबको जागरूक होना पड़ेगा।
पदक विजेता खिलाड़ी दिव्या को सम्मानित करते हुए आचार्य सुनील शास्त्री ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से अधिक उपलब्धियां हासिल कर परिजनों व क्षेत्र का नाम रोशन कर रही है। आचार्य सुनील शास्त्री ने कहा कि खेलों से बच्चों का न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक विकास भी होता है। ऐसे में खेल प्रत्येक युवा के लिए जरूरी है। इस मौके पर प्रतिभा शर्मा, डा. ललिता शर्मा, मीरा शर्मा, पारूल, पवन शर्मा, तन्नु शर्मा, राहुल यादव, जितेंद्र, संतोष आदि मौजूद रहे।