भिवानी। महज 15 दिन पहले ही कमला भवन से कचहरी की ओर जाने वाली सड़क पर ब्लॉक लगाए गए थे। लेकिन चकाचक बनी इस सड़क को लीकेज ने उखाड़ दिया है। इसकी वजह से राहगीरों के साथ ही यहां के दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बना हुआ इसकी वजह से गाड़ी चालकों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
दो विभागों का आपसी तालमेल बिगड़ने की वजह से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इस समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं है। कचहरी रोड काफी खस्ताहाल था, जहां से आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसको लेकर नगर परिषद की ओर से यहां ब्लॉक की ईंटों से सड़क बनाई गई, जोकि रास्ते सुगम हो सकें। लेकिन अब यहां लीकेज के कारण फिर से गड्ढा बन गया है, जिसको दुरुस्त करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आए लेकिन वे दो गड्ढे खोदकर चले गए। अब इन गड्ढों की वजह से हादसा होने का डर बना हुआ है।
मुश्किल से नई सड़क बनी थी और अब लीकेज के कारण दोबारा से सड़क खराब हो गई है। जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी दो जगह गड्ढा बनाकर चले गए हैं। इसके कारण हादसा होने का डर बना रहता है। दुकान के साथ पानी जमा हो जाता है जिसकी वजह से ग्राहकों को आने में भी परेशानी होती है।
- अशोक डालमिया, दुकानदार।
यहां जो पानी की लाइन है वह काफी पुरानी है। जब सड़क बनाई जा रही थी तब भी कई जगह लीकेज की समस्या सामने आई थी। लेकिन विभाग के कर्मचारी खानापूर्ति करके चले गए। अगर पहले ही पाइप लाइन को ठीक कर देते तो कोई परेशानी नहीं होती।
- संजय कुमार, दुकानदार।
पेयजल लाइन लीकेज की सूचना मिली थी, जिसे दुरुस्त करवा का पेयजल सप्लाई सुचारू कर दी है।
- सचिन, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग।