भिवानी। वर्क वीजा पर कुवैत भेजने के नाम पर चार लोगों से करीब 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस ने इस संबंध में चार नामजद लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पालुवास निवासी अमरजीत, गढ़ी निवासी प्रवीण, हुन्नामल प्याऊ क्षेत्र सचिन शर्मा, पालुवास निवासी रिंकू ने बताया कि आरोपी गौरव अमरजीत और रिंकू के गांव का रहने वाले हैं। इस वजह से उनकी अच्छी जान पहचान थी। आरोपी गौरव ने उनसे कहा कि उन्हें वर्क वीजा कुवैत पर भेज देखा। इसके बाद उन्हें कुछ पैसे देने होंगे। वे सभी इसके लिए तैयार हो गए। आरोपियों ने देवेंद्र के नाम इकरारनामा भी बनवा दिया। इस तरह से प्रवीण कुमार से साढ़े तीन लाख, अमरजीत से ढाई लाख, सचिन से साढ़े तीन लाख, अमरजीत से ढाई लाख रुपये नकद लिए।
इसके बाद प्रवीण को टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया और गौरव भी उसके साथ चला गया। उसके बाद अमरजीत को दुबई भेजा गया। दुबई पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और उन्हं वहां अनजान जगह पर डाल दिया। यहां उन्हें नौकरी तो नहीं मिली लेकिन शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना जरूर मिली। किसी तरह जान बचाकर वे लौटे। जब आरोपियों से पैसे मांगे तो एक आरोपी ने अपने पिता के पुलिस में होने की धौंस दिखाकर पैसे देने से इंकार कर दिया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी गौरव, कपिल, लक्की, देवेंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। संवाद