भिवानी। सीआईए द्वितीय भिवानी की टीम ने मुंढाल के समीप दिल्ली-हिसार हाईवे पर नशा की तस्करी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से करीब 80 लाख कीमत की 442 किलो 890 ग्राम गांजा पत्ती भी बरामद की। आरोपी पिछले दो साल से दिल्ली-हिसार हाईवे पर अन्य सामान की आड़ में नशे की तस्करी कर रहे थे।
शातिर नशा तस्कर कभी कबाड़ तो कभी अन्य सामान के अंदर बड़े ही शातिराना तरीके से नशे के सामान को छिपाकर यहां लाते थे और इसे भिवानी, हिसार सहित आसपास के इलाके में बेचते थे। दो साल से इनका ये काला धंधा चल रहा था। पहले भी पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई की थी। आरोपियों से नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप डाला व डिजायर कार बरामद की है।
भिवानी सीआईए स्टाफ द्वितीय के इंचार्ज निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि सीआईए के उप निरीक्षक राजेश कुमार अपनी टीम के साथ नाकाबंदी ड्यूटी रोहतक-हिसार हाईवे बस अड्डा मुंढाल पर मौजूद था। पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति दो गाड़ियों में भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर रोहतक की तरफ से हिसार लेकर जाएंगे। पुलिस टीम ने इस सूचना की महत्वता को देखते हुए मुंढाल से चार आरोपियों को मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप कुमार निवासी ढाणी रायपुर जिला हिसार, अनिरुद्ध निवासी न्याणा हाल दयाल सिंह कॉलोनी सिसाय पुल हांसी, सुमित निवासी चार कुतुब गेट हांसी व सोनू निवासी चार कुतुब गेट हांसी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से पिकअप डाला में 442 किलो 890 ग्राम गांजा पत्ती को बरामद किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग पिकअप डाला और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की हैं।
नशे की खेप लाते समय आगे चलती थी रेकी के लिए पायलेट गाड़ी
प्रारंभिक पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि कुछ आरोपी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में पीछे मादक पदार्थ लेकर चल रही पिकअप डाला गाड़ी की पायलट का कार्य करते हैं। आगे पुलिस नाका और पुलिस को देखकर पिकअप डाला में सवार अन्य आरोपियों को इसकी जानकारी देकर गाड़ी को पीछे ही रोक दिया करते थे। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए पिकअप डालना में प्लास्टिक का सामान, खिलौने, कबाड़ व अन्य सामान के नीचे मादक पदार्थ को छुपाया हुआ था।
भिवानी सीआईए द्वितीय की टीम ने नशा तस्करों से बड़ी नशा की खेप बरामद की है। चार आरोपियों को पकड़ा है। नशा तस्करी में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। चारों आरोपियों को शनिवार सुबह न्यायालय में पेश कर रिमांड पर हासिल कर पूछताछ की जाएगी। पहले भी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की थी। - निरीक्षक रवींद्र कुमार, इंचार्ज, सीआईए द्वितीय भिवानी।