भिवानी। भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर गांव प्रेम नगर सीबीएलयू के समीप शनिवार रात करीब आठ बजे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में गांव जाटू लोहारी के पूर्व सरपंच नरेश तंवर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और रविवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले मेें पुलिस ने मृतक के भाई संजय की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओें के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जाटूलोहारी वासी संजय ने बताया कि वह कार में बड़े भाई नरेश के साथ अपने गांव से भिवानी की तरफ आ रहा था। कार को नरेश चला रहा था और वह कार में बैठा था। जब वो सीबीएलयू के समीप पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। जिसके कारण नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से नरेश को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
परिजन नरेश को हिसार अस्पताल में लेकर जा रहे थे उसी दौरान नरेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। शव को नागरिक अस्पताल में लाया गया और इस बारे में सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया। वहीं, जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल संजय ने बताया कि इस संबंध में मृतक के भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साल 2016 की योजना में बने थे सरंपच
परिजनों ने बताया कि नरेश साल 2016 की योजना में गांव जाटूलोहारी के सरपंच चुने गए थे और इस बार भी सरपंच का चुनाव में उतरते लेकिन सरपंच पद की सीट आरक्षित थी। परिजनों ने बताया कि नरेश के दो लड़के हैैैं। नरेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। फिलहाल गांव में नया मकान बना रहा था और बच्चों की पढ़ाई के लिए भिवानी शहर में किराये के मकान में रह रहा था। हादसे के वक्त भी वह गांव में निर्माणाधीन मकान से कार में शहर में किराये के मकान पर आ रहा था।