भिवानी। शहर में कई सरकारी भवनों को एक विशेष राजनीतिक पार्टी के झंडे के रंग में रंगे जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व जिला पार्षद ईश्वर मान ने सोमवार को समाधान शिविर के दौरान उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और आचार संहिता का संभावित उल्लंघन बताया। शिकायत में ईश्वर मान ने कहा कि शहर की अनेक सरकारी इमारतें उस राजनीतिक दल के झंडे से मेल खाते रंगों में रंगी जा रही हैं जिससे शासन तंत्र की निष्पक्षता पर सवाल उठता है। उन्होंने मांग की कि इस पर तत्काल रोक लगाई जाए और ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि इस शिकायत को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी भवन का उपयोग किसी पार्टी विशेष के प्रचार माध्यम के रूप में न किया जा सके।