मुंढाल कलां (भिवानी)। महिला पहलवानों के समर्थन में गांव धनाना में शहीद स्मारक पर सर्वजातीय जाटू खाप 84 का धरना दसवें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष गंगाराम श्योराण ने की। शनिवार की धरना स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला, उनकी पुत्रवधू सुनैना चौटाला सहित पार्टी के अनेक नेता धरने पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया।
चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि पहलवानों के समर्थन में आप धरने पर बैठे हैं हम आपके साथ हैं। आप धरने पर डटे रहो आपकी जीत होगी और भविष्य में आपको सम्मान मिलेगा। आपकी सरकार आने पर हर वर्ग का ध्यान रखते हुए आपकी मांगो को पूरा किया जाएगा। सुनैना चौटाला ने कहा कि मैं किसान की बेटी हूं। कोई बेटियों की तरफ आंख उठा कर देखने की हिम्मत करेगा तो उसकी आंख निकाल ली जाएगी। सरकार बेटियों की मांग जल्द पूरी करे। इस अवसर पर पूर्व विधायक ओमप्रकाश, सुनील लांबा, राजीव राजा, अन्नू सुरा, सुदेश कंडेला, इंदू परमार, दलीप चेयरमैन धनाना, अजीत धनाना, मास्टर राज सिंह जताई, नरेश वकील, रोहतास पहलवान उपस्थित रहे।
डाडम में किया प्रदर्शन
तोशाम। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने गांव डाडम में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की। संगठन के जिला कमेटी सदस्य सुभाष जांगड़ा ने बताया कि प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के सदस्य सतबीर डाडम व सुभाष जांगड़ा ने किया। जिला सचिव मास्टर बस्तीराम ने कहा कि ये आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक महिला खिलाड़ियों को न्याय नहीं मिल जाता। इस अवसर पर रोहतास सिंह सैनी, नरसिंह, नरेंद्र, अमित डाडम, आजाद सिंह, सतबीर दहिया, महाबीर, हवा सिंह, रतन सिंह, लखी राम, मेवा सिंह उपस्थित रहे।
बृजभूषण शरण सिंह का पुतला फूंका
भिवानी। जाटू खाप 84 व संयुक्त किसान मोर्चा ने संयुक्त रूप से बृजभूषण शरण सिंह का पुतला फूंककर महिला पहलवानों को न्याय दिलाने की मांग की। जाटू खाप से हाेशियार सिंह जताई, कुलदीप धनाना, अजित सिंह, संजय अत्री, जसवीर घनघस, सत्यवान, ओमप्रकाश ने कहा कि जब तक सरकार आरोपी सांसद की गिरफ्तारी कर जेल में नहीं डाल देती, तब कर उनका धरना व प्रदर्शन जारी रहेगा।