घने कोहरे के बीच स्कूल जाते बच्चे।
भिवानी/ढिगावा मंडी। सर्द हवाओं के साथ लगातार दूसरे दिन की सुबह का आगाज घनी धुंध से हुआ। मंगलवार को धुंध के कारण दृश्यता 10 मीटर से भी कम बनी रही। धुंध ने एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार को रोक दिया। वहीं सड़क पर भी वाहन रेंगते रहे।
हेडलाइट के सहारे वाहन बेहद धीमी गति से ही आगे बढ़ पाए। घनी धुंध और कोहरे के बीच ही ठिठुरते हुए बच्चे भी सुबह स्कूल पहुंचे। दिन में धूप खिली तो कोहरे की चादर छटी। भिवानी रेलवे जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी धुंध का असर देखा गया। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से तीन घंटे देरी से पहुंची।
भिवानी रेलवे जंक्शन पर मंगलवार को धुंध के कारण गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन सुबह आठ बजकर दस मिनट के बजाय करीब तीन घंटे देरी से 11 बजकर सात मिनट पर पहुंची। इसी तरह जयपुर-भटिंडा एक्सप्रेस ट्रेन भी दोपहर 12 बजकर 32 मिनट के बजाय 12 बजकर 54 मिनट पर 22 मिनट की देरी से पहुंची। इसी तरह श्रीगंगानगर एक्सप्रेस ट्रेन भी दोपहर बाद दो बजकर 35 मिनट के बजाय दो घंटे तीन मिनट की देरी से शाम चार बजकर 38 मिनट पर पहुंची। किसान एक्सप्रेस ट्रेन शाम साढ़े चार बजे के बजाय पौने दो घंटे देरी से छह बजकर 18 मिनट पर भिवानी जंक्शन पर पहुंची। धुंध से ट्रेनों का आवागमन काफी प्रभावित हो रहा है।
धुंध से लंबी दूरी के रूटों पर नहीं दौड़ पा रही रोडवेज बस
धुंध की वजह से लंबी दूरी पर चलने वाली रोडवेज बसों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। अल सुबह भिवानी बस स्टैंड से चलने वाली रोडवेज बसों को चलाने में काफी दिक्कतें आ रही है वहीं ये बसें अपने निर्धारित समय से भी दो से चार घंटे तक की देरी से पहुंच रही हैं। जिस कारण नौकरी करने वाले और दूसरे जिलों में पढ़ाई करने वालों को सबसे अधिक परेशानी बनी है। हालांकि रोडवेज प्रशासन लोकल रूटों पर बस सेवाओं को धुंध के बावजूद बहाल किए हुए है। भिवानी जंक्शन से दिल्ली, चंडीगढ़, अजमेर, जयपुर सहित यूपी के कई शहरों तक बस दौड़ रही हैं।