एफएम रेडियो ट्रांसमीटर का शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सांसद धर
भिवानी। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार व पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो पर लोगों से मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक तरफ राष्ट्र की समद्धि में अपना योगदान देने वाले लोगों का मनोबल बढ़ा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने का काम भी कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के नजदीक आकाशवाणी केंद्र पर भिवानी में एफएम रेडियो ट्रांसमीटर का शुभारंभ करने के पश्चात अपना संदेश दे रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर में भिवानी सहित 91 एफएम ट्रांसमीटर केंद्रों का शुभारंभ किया। इस दौरान भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ व नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप भी मौजूद रहे।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि भिवानी एफएम रेडियो ट्रांसमीटर का शुरू होना इस इलाके के लिए बहुत ही खुशी की बात है। इससे क्षेत्रीय भाषाओं का विस्तार होगा और विचारों का आदान-प्रदान होगा। विधायक सर्राफ ने कहा कि एफएम सेंटर जिले के लिए एक सौगात है। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी रोहतक के उद्घोषक संपूर्ण बांगड़ी ने किया। इस दौरान आकाशवाणी केंद्र रोहतक के उप निदेशक (अभियांत्रिकी) पतिराम, वरिष्ठ अभियंता संजय कुमार, गुरूमीत, अभियंता सुनील योगी, रामेश्वर दयाल, अनिल कुमार, सुरेन्द्र अरोड़ा, जयप्रकाश, डा. हरिकेश पंघाल, प्रो. प्रोमिला सिहाग, नंद किशोर अग्रवाल मौजूद थे।