भिवानी। डीजी हेल्थ के निरीक्षण के बाद भी जिला नागरिक अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधार नहीं हो पाई हैं। इन्हीं की जांच के लिए शनिवार सुबह सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी और आपातकालीन विभाग का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ को कई खामियां मिलीं। जिस पर जिम्मेदार स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी है। वहीं वाहन पार्किंग में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों के कार्य में भी लापरवाही मिली। जिस पर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कदम उठाया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य के शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी और आपातकालीन विभाग का निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य को इस दौरान ड्यूटी रोस्टर पर सुबह के समय तो अधिकारियों का निरीक्षण दर्शाया हुआ मिला, लेकिन शाम के समय कोई भी अधिकारी निरीक्षण के लिए नहीं मिला।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की हिदायतों के अनुसार आपातकालीन विभाग में सुबह और शाम को दोनों समय स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचना अनिवार्य है। लेकिन उच्चाधिकारियों की हिदायतों के बावजूद कोई भी स्वास्थ्य अधिकारी शाम के समय कोई निरीक्षण ही नहीं कर रहे हैं। ऐसे में सीएमओ ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी है, जिस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अब संबंधित अधिकारियों पर गाज गिरना भी तय है।
पार्किंग में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी फरमा रहे थे आराम
सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य के निरीक्षण के दौरान आपातकालीन विभाग के गेट और ओपीडी गेट के आगे वाहन पार्किंग नहीं होने देने के लिए तैनात कर्मचारी आराम फरमाते मिले। सीएमओ ने दोनों कर्मचारियों को बुलाकर सख्त हिदायतें दीं। वहीं उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जरूरी कदम उठाया। आपात विभाग और ओपीडी में कर्मचारियों व मरीजों के लिए अलग-अलग वाहन पार्किंग की जगह तय की हुई है। इसके अलावा कोई भी बाहरी व्यक्ति अपना वाहन यहां पार्क नहीं कर सकता है।
आपातकालीन विभाग और ओपीडी की व्यवस्थाएं जांची हैं। डीजी हेल्थ ने भी निरीक्षण के दौरान व्यवस्था सुधार के लिए निर्देश दिए थे। लेकिन कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है। अधिकारी सुबह के बाद शाम का निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, इस संबंध में अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी है।
-डॉ रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।