राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय।
भिवानी। जिले में सभी महाविद्यालय में पीजी कोर्स में ऑनलाइन आवेदन करने और दस्तावेजों को सही करने की तिथि समाप्त हो गई है। शुक्रवार से शहर के सभी कॉलेजों में पीजी कोर्स की पहली मेरिट लिस्ट लगेगी।
मेरिट लिस्ट लगने के बाद विद्यार्थियों की पहली काउंसिलिंग शुरू हो जाएगी। इसके बाद विद्यार्थी 6 अगस्त तक फीस जमा करवा कर अपना दाखिला करवा पाएंगे। वहीं दूसरी काउंसिलिंग 8 अगस्त से शुरू होगी जो विद्यार्थी पहले काउंसिलिंग में नहीं शामिल हो पाए थे।
यूजी कोर्स में दाखिले के लिए जिस प्रकार से विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाए गए थे। उसी प्रकार ही पीजी कोर्स में दाखिले से संबंधित किसी भी जानकारी को हासिल करने के लिए विद्यार्थियों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
8 अगस्त को होगी दूसरी काउंसिलिंग
8 अगस्त को दाखिले के लिए विद्यार्थियों की दूसरी काउंसिलिंग की जाएगी। इसी के साथ ही 8 अगस्त को ही विद्यार्थियों की ओर से दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए खाली बची सीटों को भरने के लिए फिर से पोर्टल खोले जाएंगे। दोबारा से पोर्टल शाम को खुलेंगे जिसमें ऑनलाइन आवेदन करके विद्यार्थी अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। इसके अलावा 9 अगस्त को खाली बची सीटों को भरने के लिए विद्यार्थियों की फिजिकल काउंसिलिंग की जाएगी। ओपन काउंसिलिंग 16 अगस्त तक चलेगी विद्यार्थी इस बीच फीस जमा करवा कर अपना दाखिला ले सकते हैं।
17 अगस्त से होगी फिजिकल काउंसलिंग
17 अगस्त से लेकर 24 अगस्त तक विद्यार्थियों की फिजिकल काउंसलिंग होगी। लेट फीस के साथ वह अपना दाखिला करवा सकेंगे। 1 दिन का 100 रुपये लेट फीस जुर्माना लगता है जितने दिन विद्यार्थी लेट करेंगे उतना ही उनका जुर्माना प्रतिदिन के हिसाब से बढ़ता जाएगा। सभी महाविद्यालयों में सीटों से अधिक पीजी कोर्स में विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। परंतु पीजी कोर्स में भी विद्यार्थियों का दाखिले में कम रुझान देखने को मिल रहा है। कुछ कोर्स ऐसे हैं जिसमें बहुत ही कम आवेदन विद्यार्थियों द्वारा किए गए हैं।
पीजी कोर्स में विद्यार्थियों द्वारा दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि समाप्त हो चुकी है। अब कॉलेज के प्रोफेसर द्वारा काउंसलिंग एवं दाखिले की प्रक्रिया शुरू की गई है जिसमें विद्यार्थी कॉलेज में आकर अपना दाखिला करवा रहे हैं ।
-अनीता शर्मा, नोडल अधिकारी, राजीव गांधी महिला महाविद्यालय