सेक्टर-23 में ब्लास्ट के बाद क्षतिग्रस्त फ्रीज। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। सेक्टर-23 के एक बंद मकान में फ्रिज में तेज धमाके के बाद घर में आग लग गई। पड़ोसियों ने बंद मकान से धुआं उठता देखा इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। घर के अंदर धुआं ही धुआं होने के कारण दमकल कर्मी अंदर भी नहीं पहुंच पाए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। आग पर काबू पाए जाने तक लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया था।
सेक्टर 23 निवासी एडवोकेट देवेंद्र ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर बाद ही अपने गांव नकीपुर से सेक्टर स्थित मकान पर आया था। शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी, बेटा और बेटी को लेकर डॉ. के पास दिखाने के गया था। इस दौरान उसके पड़ोसी का फोन आया कि धमाके के साथ घर में आग लग गई है। धमाका फ्रिज के अंदर हुआ है। पड़ोसियों ने ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को फोन कर बुलाया था। जब वह घर पहुंचा तो उसके घर के अंदर फर्नीचर, छत, खिड़की, दरवाजे सहित अन्य घरेलू सामान नष्ट हो चुका था। एडवोकेट देवेंद्र ने बताया कि आग लगने के कारण लाखों रुपये का नुकसान उठाया था।