भिवानी। भीम स्टेडियम की महिला पहलवान काजल ने सांपला में हुई हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेज कुश्ती चैंपियनशिप के 50 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। पदक विजेता महिला पहलवान का भीम स्टेडियम में पहुंचने पर खिलाड़ियों व खेल प्रशिक्षकों ने स्वागत किया।
भीम स्टेडियम के कुश्ती कोच सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि उनके सेंटर की महिला पहलवान काजल ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में अपने प्रतिद्वंदी को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल हासिल कर जिले व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कोच सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि भीम स्टेडियम के पहलवानों का दमखम प्रदेशभर में जाना जाता है। इसी कड़ी में महिला पहलवान काजल ने भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। काजल भविष्य में होने वाली स्पर्धाओं में भी इसी तरह का बेहतर प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी जेजी बेनर्जी ने भी गोल्ड मेडल विजेता काजल को आशीर्वाद दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर कोच वेदप्रकाश, विष्णुभगवान, वीरेंद्र, नीरज, नवीन सैनी सहित अनेक खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।