बर्बाद फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर कल गरजेंगे किसान
- लघु सचिवालय के बाहर होगा किसानों का एक दिवसीय प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। किसानों की मांगों को लेकर सात अक्तूबर को उपायुक्त कार्यालय के सामने अखिल भारतीय किसान सभा प्रदर्शन करके एक दिवसीय धरना देंगी। यह जानकारी किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, जिला सचिव मास्टर जगरोशन व उप प्रधान कामरेड ओमप्रकाश ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले में अत्यधिक वर्षा होने व पानी भरने से कई गांव में खरीफ फसल कपास, धान, बाजरा व मूंग की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई है और किसान रबी की फसल भी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन गांव के खेतों में अत्यधिक बारिश का पानी, नहर टूटने व ड्रेन ओवरफ्लो होने से पानी भर गया, उसे तुरंत निकलवाया जाए, बर्बाद फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए।
किसान नेताओं ने किसानों को बकाया पड़े ट्यूबवेल कनेक्शन शीघ्र देने, मंडियों में समर्थन मूल्य पर कपास, बाजरा, धान व अन्य फसलें खरीद सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने किसानों की उपरोक्त मांगों के अलावा ओलों से हुए नुकसान, बर्बाद खरीफ की फसल 2020 का मुआवजा दिलवाने की भी मांग की। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि अगर जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो वे इन मांग मुद्दों को लेकर साज अक्तूबर को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। संवाद