मौके पर पहुंचकर जांच करते औद्योगिक पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार व अन्य पुलिस कर्मी।
भिवानी। सैंडी गैंग से जुड़ा बताकर बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर नया बस स्टैंड पालुवास मोड़ स्थित एक निजी गेस्ट हाउस संचालक से दस हजार रुपये की रंगदारी मांगी और हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। इस घटना के बाद हालुवास गेट पर भी फायरिंग का मामला सामने आया है। दोनों वारदात शनिवार शाम करीब चार से सवा चार बजे की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया भी मौके पर पहुंचे और वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस को मौके से दो गोली के खोल भी बरामद हुए हैं।
भिवानी-रोहतक मुख्य मार्ग पर नया बस स्टैंड से चंद कदम दूर पालुवास मोड़ स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में शनिवार शाम करीब चार बजे बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। गेस्ट हाउस के अंदर दाखिल होकर वहां मौजूद गेस्ट हाउस संचालक से बोले कि हम सैंडी गैंग से हैं, जान प्यारी है तो दस हजार निकालो। इस पर जब गेस्ट हाउस संचालक ने मदद बुलाने की कोशिश की तो एक बदमाश ने फायरिंग कर दी और दूसरे ने वहां एलईडी को तोड़ दिया और डीवीआर भी छीन ली। बदमाश वहां से जाते समय गेस्ट हाउस संचालक का मोबाइल फोन भी छीनकर ले भागे।
करीब दस मिनट के अंदर ही बदमाशों ने हालुवास गेट मुक्ति धाम मार्ग पर फाटक क्रॉस करते ही एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय के बाहर भी फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद वहां आसपास मौजूद लोग जब सतर्क हुए तो बदमाश वहां से भी भाग खड़े हुए। वारदात की सूचना मिलते ही औद्योगिक पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने फायरिंग के बाद दोनों जगहों का मुआयना किया।
पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक की शिकायत पर बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ गेस्ट हाउस के अंदर घुसकर तोड़फोड़ करने और फायरिंग कर कैमरे की डीवीआर और मोबाइल फोन छीनकर ले जाने के संबंध में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
-सुनील कुमार प्रभारी, औद्योगिक पुलिस थाना, भिवानी।
मैंने दोनों जगह का मुआयना किया है। दोनों बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। वे किसी गैंग से जुड़े नहीं है, बल्कि आवारा किस्म के युवक लग रहे हैं। जल्द ही उन्हें काबू कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-नरेंद्र बिजारणिया, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।