भिवानी। केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ रविवार को पूर्व सैनिकों का गुस्सा फूटा और उन्होंने देश भर में सांसदों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसी कड़ी में भिवानी में भिवानी, चरखी दादरी व महेंद्रगढ़ तीन जिलों के पूर्व सैनिक एकत्रित हुए। वे स्थानीय नेहरू पार्क से रोष-प्रदर्शन शुरू करते हुए सांसद धर्मबीर सिंह के माध्यम से ज्ञापन सौंप कर लंबित मांगों को पूरा किए जाने की गुहार लगाई।
पूर्व सैनिक सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि उनकी मांग समान मिलिटरी सर्विस पे लागू करवाना, जोखिम भत्ता बराबर देने व अंग भंग होने पर बराबर पेंशन देने की है। उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन लागू की पर उसका 97 फीसदी पूर्व सैनिकों को कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। साथ ही कहा कि मांग जल्द पूरी न होने पर पूर्व सैनिक दिल्ली कूच कर संसद का घेराव तक करेंगे।
पूर्व सैनिक महेश चौहान ने उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन उग्र करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो 33 हजार 99 करोड़ रुपये जारी किए हैं, उनका समान बंटवारा चाहते हैं। चौहान ने कहा कि 2014 में रेवाड़ी में मोदी ने जो वायदे किए, वो पूरे नहीं हुए तो 2024 के चुनावों में ये वायदाखिलाफी भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हाथ कटने पर सैनिक को 1500 रुपये और अधिकारी का हाथ कटने पर डेढ़ लाख रुपये क्यों।
इस दौरान भिवानी से कैप्टन राजा तंवर, सूबेदार सुभाष डरोलिया, कैप्टन अजीत सिंह, कैप्टन ओमप्रकाश, कैप्टन सुरेश तंवर, वेटनर महेश चौहान, दादरी से नायक राजेश कुमार, सूबेदार धर्मपाल, सूबेदार धर्मबीर, सूबेदार मीर सिंह, सूबेदार सोमबीर, सूबेदार पुरुषोत्तम, महेंद्रगढ़ से सूबेदार रामस्वरूप, सूबेदार मेजर युद्धवीर सिंह, कैप्टन राजेंद्र सूबेदार मेजर किशन सिंह मौजूद रहे।