भिवानी। शनिवार शाम ट्रेन से गिरने के कारण 77 वर्षीय रिटायर्ड सैनिक नफे सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी एएसआई विष्णु ने बताया कि नफे सिंह मूल रूप से जींद के बुआना के रहने वाले थे और वर्तमान में हांसी में रह रहे थे। वे भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। शनिवार को वे घर से दवा लेने के लिए निकले थे जिसके बाद उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक के बेटे अजीत के बयान पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।