भिवानी। गर्मी की तपिश बढ़ने के साथ ही बिजली-पानी का संकट भी गहरा गया है। शहर में नए ट्रांसफार्मर लगा कर लाइनों की क्षमता बढ़ाने के बावजूद भी लोग बिजली कट झेल रहे हैं। हालांकि निगम अधिकारियों का दावा है कि कोई बिजली कटौती नहीं हो रही है। यही हाल शहर में पेयजल आपूर्ति का भी है।
शहर में पेयजल आपूर्ति नियमित हो चुकी हैं, मगर फिर भी लोगों की प्यास हैंडपंप के पानी से ही बूझ रही है। गर्मी के तेवर लगातार तीखे हो रहे हैं, जिसकी तपिश में लोगों के साथ-साथ पेयजल और बिजली आपूर्ति में अधिकारियों के भी पसीने छूट रहे हैं।
भिवानी शहर में बिजली आपूर्ति के लिए तीन 132 केवी पावर सब स्टेशन हैं, जबकि 33 केवी के सब स्टेशनों की संख्या आधा दर्जन से अधिक है। जबकि शहर के आसपास भी 220 केवी और 132 केवी के पावर सब स्टेशन हैं, जिससे शहर की कई बड़ी कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति दी जा रही है। कुछ अर्से पहले ही शहरी दायरे में बिजली ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई थी, ताकि लोगों को गर्मी में ओवरलोड़ की समस्या न झेलनी पड़े। मगर तापमान बढ़ने में अचानक ही बिजली की डिमांड डेढ़ गुना हो गई, जिससे नए ट्रांसफार्मर भी अब हांफने लगे हैं। पुराने शहर व शहर की बाहरी कॉलोनियों में करीब 100 से अधिक नए बिजली ट्रांसफार्मर भी लगाए गए हैं, इसके बावजूद लोगों को बिजली कट झेलना पड़ रहा है।
बाहरी कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति के हालात नहीं सुधरे
शहर के दिनोद रोड की ब्रह्मा कॉलोनी, शास्त्री नगर, दुर्गा कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति को लेकर हालात नहीं सुधरे हैं। इन कॉलोनियों की कई गलियों के अंदर पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि लोग पीने के पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी हैंडपंप पर निर्भर हैं। हनुमान ढाणी क्षेत्र में भी तीन माह से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां पर भी कभी सप्ताह तो कभी दस दिन में कुछ घंटे ही पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा गंदे पानी की समस्या भी शहरवासी झेल रहे हैं।
68 हजार से एक लाख यूनिट तक बढ़ी बिजली की डिमांड
मई में बिजली की डिमांड भी 68 लाख से एक लाख यूनिट तक बढ़ गई है। मई के प्रथम पखवाड़े में लगातार रोजाना बिजली यूनिटों की खपत में इजाफा हो रहा है। आने वाले दिनों में ये डिमांड सवा लाख से भी अधिक होगी। भिवानी सर्कल में चरखी दादरी और भिवानी जिला आता है। मगर अकेले भिवानी शहर की बिजली खपत भी 45 लाख यूनिट से अधिक की है।
बिजली की खपत गर्मी में जरूर बढ़ी है, लेकिन किल्लत नहीं है। नियमित रूप से बिजली आपूर्ति दी जा रही है। सब स्टेशन में अगर कोई तकनीकी दिक्कत आती है तो तभी बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है, अन्यथा किसी भी इलाके में कोई बिजली कटौती नहीं हो रही है।
-विकास यादव कार्यकारी अभियंता शहरी डिविजन भिवानी।