भिवानी। रणजी खिलाड़ी दिवंगत अमित वशिष्ठ की याद में अमित वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से गांव रिवाड़ीखेड़ा खेल स्टेडियम में रविवार से चौथी राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ हरियाणा योजना आयोग के निदेशक राजबीर भारद्वाज एवं जिला योजना अधिकारी भागीरथ कौशिक ने किया। चैंपियनशिप का पहला मैच रिवाड़ीखेड़ा इलेवन व बास क्लब के बीच खेला गया। जिसमें बास की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। जिसमें बॉस इलेवन की टीम ने मैच अपने नाम किया। वहीं, दूसरा मैच अमित वशिष्ठ फाउंडेशन व जीनियस क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। जिसमें जीनियस क्रिकेट क्लब ने 5 रनों से मैच जीता।
इस अवसर पर रघुनाथ ठेकेदार, नरेश सरपंच, सुबेदार रामभगत, कप्तान मुकेश परमार, प्रीतम फौजी, सत्ते पंच, नरेश शर्मा, रविंद्र फौजी, बलवान फौजी, आजाद रिवाड़ीखेड़ा, जजपा नेता जितेंद्र शमूर, दीपक रिवाड़ीखेड़ा, मोतीराम, हरपाल नंबरदार, सत्यनारायण शर्मा, नीरज फौजी, बलबीर जांगड़ा, जयवीर लांग्यान व प्रीतम फौजी मौजूद रहे।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पहला मैच रिवाड़ीखेड़ा इलेवन व बॉस क्लब के बीच हुआ। जिसमें रिवाड़ीखेड़ा पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 100 ही रन बना पाई। रिवाड़ीखेड़ा टीम की तरफ से प्रवीण ने 29 गेंदोंं पर 30 रन व मोहित ने 31 गेंदों में 28 रन बनाए। बास की तरफ से अजय बिडु ने 4 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट लिए व मनीष जांगड़ा ने 2 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। डेनी व रोबिन को एक-एक विकेट हासिल हुआ। बास की टीम ने 101 रन का लक्ष्य 12.5 ओवर में हासिल कर लिया। बास की ओर से रोबिन ने नाबाद 51 रन बनाएं। दूसरा मैच अमित वशिष्ठ फाउंडेशन व जीनियस क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इस मैच में अमित वशिष्ठ फाउंडेशन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीनियस क्रिकेट क्लब ने 19.4 ऑवरों में 155 रनों पर ऑल आउट हो गई। उनकी तरफ से रोहन ने सर्वाधिक 42 रन और सोनू जांगड़ा ने 33 रन बनाए। अमित वशिष्ठ फाउंडेशन की तरफ से हर्षित ने चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए और विपिन व सुनील ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए फाउंडेशन की टीम 150 रन ही बना सकी। जिसमें अश्विनी ने 47 रन व आयुष ने 25 रन बनाए। जीनियस क्रिकेट क्लब ने पांच रनों से मैच जीता।
ये होगा विजेता का इनाम
चौथी राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप में भारतीय नौसेना, थलसेना के खिलाडिय़ों सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब सहित अनेक प्रदेशों के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। चैंपियनशिप में प्रथम स्थान पर आने वाली टीम को एक लाख, द्वितीय स्थान पर आने वाली टीम को 51 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वही मैन ऑफ दि सीरीज को 11 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।