भिवानी। भिवानी में रेस्ट हाउस रोड स्थित जगत कॉलोनी में खनन कारोबारी वेदपाल के सहयोगी व्यापारी सुरेंद्र सिंह उर्फ टीटू के घर पर वीरवार सुबह छह बजे शुरू हुई ईडी की जांच शुक्रवार रात आठ बजे तक 37 घंटे बीत जाने के बाद भी जारी रही। ईडी के अधिकारियों ने दूसरे दिन भी मामले की किसी को कोई भनक तक नहीं लगने दी गई। वहीं, परिजनों से भी इस संबंध में मीडिया से कोई बातचीत नहीं करने दी गई। मामला खनन क्षेत्र से जुड़ा है।
भिवानी के रेस्ट हाउस रोड जगत कॉलोनी स्थित खनन क्षेत्र से जुड़े कारोबारी वेदपाल सिंह तंवर के सहयोगी सुरेंद्र सिंह उर्फ टीटू के घर ईडी की टीम लगातार दूसरे दिन भी डेरा डाले रही। टीम वीरवार रात में घर के अंदर जांच में जुटी थी, जबकि सुबह जरूरी वस्तुओं के लिए एक सदस्य को बाहर जाने की अनुमति दी। जगत कॉलोनी स्थित भीम सिंह आवास में सुरेंद्र सिंह उर्फ टीटू पत्नी और दो बच्चे के साथ रहते हैं। फिलहाल घर के अंदर कितने सदस्य मौजूद हैं इसकी जानकारी भी किसी को नहीं है।
पहाड़ में पत्थर हादसे के वक्त भी सामने आई थी कई अन्य फर्म सामने
डाडम पहाड़ हादसे के दौरान गोवर्धन माइन्स एंड मिनरल कंपनी की जांच हुई तो कई अन्य फर्मों के नाम भी सामने आए थे। इनमें पहाड़ के अंदर खनन कार्य में ये सभी अलग-अलग भूमिका निभा रहे थे। उस समय जांच कर रही एजेंसियों को कई ऐसे तथ्य मिलते थे, जिसमें कंपनी ने एक के बाद एक आगे कार्य सौंपा हुआ था। इस लिहाज से अब खनन क्षेत्र मामले की जांच ईडी कर रही है। ऐसे में कयास यह भी है कि खनन कंपनी की सहयोगी कंपनी भी ईडी के जांच के रडार पर आ चुकी हैं। इससे जुड़े दस्तावेज जांचने के साथ वेदपाल तंवर से नजदीकी लोगों से भी पूछताछ जारी है। हालांकि ईडी ने अब तक किन दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया और किन-किन लोगों से पूछताछ की इसकी जानकारी भी उजागर नहीं हुई है। ईडी बंद मकान के अंदर ही लगातार 37 घंटों से अधिक समय से अपनी जांच में जुटी हैं। इस कार्रवाई के दौरान ईडी के कुछ चुनिंदा अधिकारी और विशेष सुरक्षा कर्मी शामिल हैं।