आंधी के कारण वातावरण में मौजूद धूल के कण।
भिवानी। मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद अचानक ही मौसम बिगड़ गया और धूल भरी आंधी चली। इसकी वजह से आसमान भी पीला हो गया और हवा में धूल के कण छा गए। मंगलवार दोपहर तक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि सोमवार के मुकाबले हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा।
तेज आंधी से ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार और पोल भी टूट गए। इससे बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। शहर की सड़कों पर भी धूल उड़ी, जिससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि मंगलवार का दिन अधिक गर्म रहा और तेज धूप से धरती तप उठी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री तक बढ़ गया। यानी सोमवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी तरह हवा में सोमवार को 84 एक्यूआई दर्ज किया था, जबकि मंगलवार को धूल भरी आंधी से एक्यूआई 130 तक पहुंच गया।
जिले के ढिगावामंडी, जूईकलां, लोहारू, बहल, चांग और कैरू क्षेत्र में दोपहर बाद धूल भरी आंधी चली। शाम पांच बजे तक मौसम फिर से सामान्य हो गया। शाम को दिन की गर्मी के मुकाबले थोड़ी ठंड हुई तो लोगों को राहत मिली। जून के प्रथम सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बारिश के बाद तापमान 35 डिग्री के आसपास बना रहा था। लेकिन अचानक मंगलवार को ही इसमें 2.7 डिग्री का उछाल आया तो गर्मी से लोग बेहाल होने लगे।