फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण में बिना वर्दी के मिले अधिकारी और कर्मचारी, साढ़े तीन घंटे सीएमओ ने जांचे मेडिसन विभाग में मरीज

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में हड़ताल के बाद सिविल सर्जन ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाएं जांचीं। औचक निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन को ओपीडी में कई अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित वर्दी में नहीं मिले। जिस पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और इन कर्मचारियों को भविष्य में वर्दी में आने की सख्त हिदायतें दीं। वहीं साढ़े तीन घंटे तक सिविल सर्जन ने ओपीडी में मेडिसन विभाग में आने वाले मरीजों की करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठकर जांच की।
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल सहित जिलेभर में शुक्रवार को राजकीय चिकित्सकों ने हड़ताल रखी थी। इसी को लेकर शनिवार को ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ी। दोपहर साढ़े 12 बजे तक ओपीडी में करीब 1150 मरीजों की ओपीडी स्लिप काटी गई। सिविल सर्जन डॉक्टर रघुवीर शांडिल्य ने सुबह साढ़े दस बजे जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक कक्ष के अंदर चिकित्सकों की उपस्थिति जांची और वहां पर तैनात स्टाफ को भी बिना वर्दी में मिलने पर खूब लताड़ा।
औचक निरीक्षण के दौरान कमरा नंबर 20 में मेडिसन विभाग में सीनियर चिकित्सक नहीं बैठा था। इसके बारे में पूछा तो पता चला कि वे राउंड पर गए हैं, इस दौरान बाहर मरीजों की काफी भीड़ जुटी थी। जिन्हें देखकर सिविल सर्जन डॉक्टर रघुवीर शांडिल्य ने अपने पुराने कक्ष में फिर से बैठकर मरीजों को जांचना शुरू कर दिया। सिविल सर्जन डॉक्टर रघुवीर शांडिल्य ने काफी सालों तक यहां मेडिसन विभाग की ओपीडी में लंबे अर्से तक अपनी सेवाएं दी हैं। करीब पौने तीन बजे तक सीएमओ ने यहां अधिकांश मरीजों की जांच की और हृदय रोगियों को ठंड में ऐहतियात बरतने का भी परामर्श दिया।
विज्ञापन

घुटनों के दर्द और पुराने मर्ज के मरीज अधिक जुटे
मौसम में बदलाव के साथ ही घुटनों के दर्द के मरीज भी बढ़ गए हैं। ज्यादातर उम्र दराज मरीज ओपीडी में पहुंचे। इसके अलावा हृदय रोगी और पुराने मर्ज से पीड़ित मरीज भी ओपीडी में बढ़ गए हैं। जिन मरीजों का विशेषज्ञों से पुराना इलाज चल रहा है। वे भी शनिवार को ओपीडी में चेकअप के लिए आए। क्योंकि शुक्रवार को हड़ताल थी और रविवार को छुट्टी रहेगी। इसलिए शनिवार को सप्ताह की आखिरी ओपीडी में मरीज अपना चेकअप कराने जुटे। इस वजह से कई चिकित्सकों के कक्ष के बाहर तो काफी भीड़ जुटी रही।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए ओपीडी में व्यवस्था बनाने की भी दीं हिदायतें
सिविल सर्जन डॉक्टर रघुवीर शांडिल्य ने कहा कि प्रदेश में फिर से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में ओपीडी में मरीजों के लिए खास ऐहतियात रखी जाए और स्टाफ भी मुंह पर मास्क लगाकर रखें। संक्रमण न फैले इसके लिए जरूरी सावधानी भी बरती जाए। वहीं ओपीडी में संभावित मरीजों की आरटीपीसीआर आवश्यक रूप से कराई जाए।

-ओपीडी के औचक निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सकों के कक्ष में तैनात स्टाफ निर्धारित वर्दी में नहीं मिला और कई अधिकारी भी वर्दी में नहीं थे, जिन्हें सख्त हिदायतें दी गई हैं कि वे भविष्य में अपनी वर्दी में ही ड्यूटी पर आएं। इसके अलावा ओपीडी में अन्य व्यवस्थाएं भी जांची गई जो सही मिली। ओपीडी के मेडिसन विभाग का डॉक्टर राउंड पर होने की वजह से उन्होंने मेडिसन विभाग में मरीजों का चेकअप भी किया है। ये मेरी रुटीन की प्रक्रिया भी है।
विज्ञापन

-डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें