शहर में विशेष चैकिंग अभियान के दौरान जांच करते पुलिसकर्मी।
भिवानी। ऑपरेशन आक्रमण के तहत जिला पुलिस ने स्पेशल सर्च अभियान चलाकर चप्पा चप्पा खंगाला। पुलिस की 39 टीमों में 170 पुलिस कर्मचारी शामिल हुए। वहीं इस दौरान 17 आरोपियों को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस दौरान जिले भर में अवैध गतिविधियों की जांच की। पुलिस ने अवैध शराब, हेरोइन सहित दो उद्घोषित आरोपियों को भी काबू किया।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के आदेश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए स्पेशल अभियान के तहत जिला पुलिस भिवानी में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के नेतृत्व में शनिवार को स्पेशल सर्च अभियान चलाया। इस दौरान 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर सभी पुलिस थाना और चौकियों की टीमों ने विभिन्न जगहों पर छापामारा। इस दौरान अवैध शराब कारोबारियों व नशे का पदार्थ बेचने वालों पर भी शिकंजा कसा।
पुलिस ने दो उद्घोषित आरोपी पकड़े। जबकि सात आरोपियों को न्यायालय से गैर हाजिर होने पर गैर जमानती वारंट जारी होने पर गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने लैन ड्राइविंग न करने वाले 178 वाहनों के चालान किए। पुलिस ने हत्या प्रयास व शस्त्र अधिनियम के तहत फरार चल रहे एक आरोपी को भी पकड़ा। पुलिस की विभिन्न टीमों ने स्पेशल सर्च अभियान के दौरान संदिग्ध जगहों पर चप्पा-चप्पा छाना और गहनता से जांच पड़ताल की।
सभी थाना और चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में गहनता से जांच करें। वहां कोई आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति मिले तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। समय–समय पर जिले में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।