भिवानी। फेसबुक पर कम दाम में बाइक बेचने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर साइबर पुलिस थाना में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रोढा निवासी मंजीत ने बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ दूध बेचने का काम करता है। गत तीन जुलाई को उसने एक बाइक फेसबुक पर देखी थी। बाइक बेचने की एड पर बाइक का फोटो और नंबर के साथ साथ दाम भी लिखा हुआ था। उसने दर्शाये गए नंबर पर बात की। जिसने उसे बताया कि वे खाते में पांच सौ रुपये डाल दे। जिससे उसके पते का पार्सल बनवा देंगे। शिकायतकर्ता ने अपने दोस्त अनुज के फोन से पांच सौ रुपये डलवा दिए। इसके बाद बाइक इंश्योरेंस के नाम पर पैसे मांगे। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने दोस्त उमेश के फोन से 5150 रुपये डलवा दिए। जिसके बाद उसने बार कोड व्हाट्सएप कर दिया था। आरोपी ने उससे कहा कि पैसे नहीं आए हैं दोबारा डलवाने पड़ेंगे। जिस पर शिकायतकर्ता ने दोस्त विपिन से पांच हजार रुपये डलवाए। आरोपी ने बाइक की किस्त के बचे पैसे मांगे तो उसने दोस्त प्रदीप से 10150 रुपये डलवा दिए। इसके बाद भी काफी पैसे अलग अलग नंबरों से बताए गए खातें में डलवा लिए। मगर न बाइक मिली न पैसे वापस आए। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने बाइक बेचने के नाम पर उसके साथ 1,51,959 रुपये की धोखाधड़ी की है। वहीं पुलिस ने भी ठगी के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।