भिवानी सरल केंद्र में सर्वर डाउन होने पर इंतजार करते लोग।
भिवानी। लघु सचिवालय के सरल केंद्र में सर्वर डाउन होने के कारण राजस्व विभाग के भूमि संबंधित काम मंगलवार को कई घंटों तक ठप रहे। लोगों को भूमि की फर्द और जमाबंदी की रिपोर्ट पाने के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ा वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही दस्तावेजों पर मोहर लगा रहे थे।
दरअसल सरल केंद्र में राजस्व विभाग के भूमि संबंधी ऑनलाइन दस्तावेजों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। मंगलवार को दिनभर कई घंटों तक सर्वर डाउन रहा। कर्मचारी एक दस्तावेज निकालने के लिए भी 15 से 20 मिनट तक माथापच्ची करता रहा। मगर दस्तावेज अपलोड नहीं हुए। इसी को लेकर लोग भी अपने जरूरी कार्याें के लिए सरल केंद्र में भटकते रहे। दोपहर बाद शाम को सर्वर थोड़ा रफ्तार पकड़ने लगा तो कर्मचारी भी दिनभर के बकाया काम को निपटाने में जुट गए। सरल केंद्र में सभी सेवाओं को ऑनलाइन किया हुआ है। ऐसे में सरकारी कार्याें के लिए लघु सचिवालय आने वालों को इंटरनेट के सर्वर पर ही निर्भर रहना पड़ता है। अगर सर्वर की रफ्तार ठीक है तो काम भी सुचारु चलता है, अगर सर्वर में थोड़ी गड़बड़ आई तो काम भी ठप हो जाता है और लोगों की परेशानी भी बढ़ जाती है।