भिवानी। भिवानी के नगर सुधार मंडल के समीप स्टैंड से सोमवार सुबह एक स्विफ्ट कार किराये पर लेकर दो बदमाशों ने कैथल में चालक पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर दिया। वहीं लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों बदमाशों ने चालक को सुए से हाथों पर कई वार कर लहूलुहान कर डाला और इसके बाद उसकी स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन के साथ डेबिट कार्ड लूटकर भाग गए।
घायल कार चालक को कैथल के अस्पताल में दाखिल कराया है। वहीं भिवानी में कार चालक के परिजनों ने बताया कि उनकी कार में जीपीएस ट्रैकर लगा है जो भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर मुंढाल और बास के बीच में सक्रिय दिखा रहा है। वहीं कैथल जिला के तितरम थाना में घायल कार चालक की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
भिवानी के पटेल नगर निवासी प्रदीप ने बताया कि उसका छोटा भाई दलीप कार चलाता है। सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे नगर सुधार मंडल के स्टैंड पर कैथल के लिए दो युवक कार बुक करने आए थे। इन युवकों ने उसके भाई से कैथल चलने के लिए कहा था, वहां किसी की मौत पर शोक व्यक्त करने की बात कह रहे थे। दलीप उन दोनों को अपनी कार में बैठाकर कैथल के लिए चला था। लेकिन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उनके पास फोन आया कि दलीप से दो बदमाश कार, मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड छीन ले गए हैं।
प्रदीप ने बताया कि दलीप से रास्ते में बदमाशों ने कार छीनने की कोशिश की थी, लेकिन उसने मना कर दिया तो आरोपियों ने सूए से उसके भाई के दोनों हाथों पर हमला कर दिया। रास्ते में डेबिट कार्ड से कार के अंदर 700 रुपये का तेल भी डलवाया गया था। इसके बाद दलीप के डेबिट कार्ड में बकाया 125 रुपये भी आरोपियों ने निकाल लिए। वहीं प्रदीप ने अपने फोन में कार पर लगे जीपीएस ट्रैकर की लोकेशन दिखाते हुए बताया कि भिवानी-जींद मार्ग पर मुंढाल और बास के बीच जाकर जीपीएस सक्रिय है। यहां पर किसान दिल्ली कूच की वजह से इंटरनेट भी बंद है। वहीं भिवानी से गुजरने वाले रास्तों की सीसीटीवी फुटेज भी कैथल पुलिस को दी गई है। इसके बाद इस मामले में कैथल पुलिस ही अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।