भिवानी। उपायुक्त नरेश नरवाल ने लघु सचिवालय के डीआरडीए सभागार में पेयजल, तालाबों, जलघरों में पानी की स्थिति व ड्रेनों की सफाई के बारे में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति प्रशासन का प्रथम दायित्व है। इसलिए गर्मी के मौसम में इसको लेकर कोई कोताही न बरती जाए। पेयजल की आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए।
बैठक के दौरान डीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि वे फील्ड में उतरकर स्वयं समस्त कार्यों का निरीक्षण करें ताकि सभी कार्य सुचारू रूप से और निर्बाध हो सकें। डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ड्रेनेज की सफाई अच्छे तरह की जाए और समय रहते समस्त प्रबंध करें ताकि बारिश के मौसम में कहीं भी किसी भी तरह का ओवरफ्लो अथवा जलभराव न हो। इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं पर भी सीवरेज सिस्टम ठप न हो और शहर में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही डीसी ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी को व्यर्थ न बहाए।
डीसी ने उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में उतरकर ड्रेनेज, तालाब, नालों की सफाई का निरीक्षण करें। उसके बाद वह स्वयं भी फील्ड का निरीक्षण करेंगे ताकि असली वस्तुस्थिति सामने आ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुविधा हेतु सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ मिलजुल कर कार्य करे और इस बारे कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसडीएम भिवानी हरबीर सिंह, एसडीएम तोशाम मनोज कुमार दलाल, लोहारू एसडीएम अमित कुमार, सिवानी एसडीएम वीरेंद्र सिंह, डीआरओ प्रदीप देशवाल, डीडीपीओ आशीष मान सहित यमुना, लोहारू जल सेवाएं मण्डल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर परिषद्, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मौजूद रहें।