भिवानी। भिवानी से सीधी हल्द्वानी के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। इसका शुभारंभ शनिवार सुबह आठ बजे भिवानी बस स्टैंड से किया जाएगा। रोडवेज प्रशासन ने बस चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। वहीं, नई बस सेवा से यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
रोडवेज प्रशासन ने भिवानी से हल्द्वानी के लिए रूट परमिट लिया है। भिवानी से चलकर ये बस कलानौर, रोहतक, बहादुरगढ़ होते हुए दिल्ली तक जाएगी। यहां से गाजियाबाद, मुरादाबाद, गढ़गंगा, हापुड़, जोया, रामपुर, रुद्रपुर से हल्द्वानी तक जाएगी। हल्द्वानी से करीब 40 किलोमीटर आगे नैनीताल जाने का पहाड़ी इलाका हैं, जहां पर रोडवेज की बड़ी बसों को जाने की अनुमति नहीं हैं। हल्द्वानी से नैनीताल तक छोटी बसों में यात्री अपना आगे का सफर कर सकेंगे।
भिवानी बस स्टैंड पर शनिवार सुबह आठ बजकर तीन मिनट पर बस को झंडी दिखाकर रोडवेज अधिकारी रवाना करेंगे। ये बस रात्रि ठहराव करेगी और अगले दिन शाम को वापस भिवानी पहुंचेगी। इस बस सेवा के आरंभ होने से यूपी व हरियाणा के साथ-साथ भिवानी के व्यापारिक रिश्ते भी मजबूत होंगे वहीं धार्मिक स्थलों पर भी लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
---------------------
भिवानी से हल्द्वानी के लिए सीधी बस सेवा शनिवार सुबह आठ बजे भिवानी बस स्टैंड से चलाई जाएगी, जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। डिपो महाप्रबंधक डॉ. नेत्रपाल खत्री के दिशा निर्देशानुसार बस संचालन व टाइम टेबल को लेकर संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जा चुकी है।
- इन्द्र सिंह वर्मा, डीआई भिवानी।