शहर के मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कार्यक्रम में मौजूद वन्यजीव निरीक्षक देवें
भिवानी। शहर के मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के तहत पेंटिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन वन एवं वन्य प्राणी विभाग की ओर से किया गया। प्रतियोगिता में करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
बच्चों ने वन्य प्राणी एवं वन संपदा के प्रति अपने विचार कागज पर उकेरे और वन्य जीवों से संंबंधित पूछे गए सवालों का जवाब दिया। प्रतियोगिता में वन्यजीव निरीक्षक भिवानी लघु चिड़ियाघर के इंचार्ज देवेंद्र हुड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय कन्या स्कूल भिवानी में 11वीं कक्षा की दीक्षा ने पहला, मॉडल संस्कृति स्कूल भिवानी की दीपाली शर्मा ने दूसरा और हलवासिया विद्या विहार स्कूल के रमेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह पेंटिंग प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय कन्या स्कूल की खुशबू ने पहला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालुवास की राधिका ने दूसरा और इंडियन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी के विशाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भिवानी लघु चिड़ियाघर के इंचार्ज वन्यजीव निरीक्षक देवेंद्र हुड्डा ने बताया कि वन एवं वन्यजीव विभाग हर साल एक से सात अक्तूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन करता है। इससे पहले 25 सितंबर को पेंटिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से सम्मानित किया जाएगा। देवेंद्र हुड्डा ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन के पीछे स्कूली बच्चों के अंदर वन्य जीवों के प्रति लगाव और स्नेह की भावना पैदा करना है। इस मौके पर वन्य जीव विभाग के दरोगा अजय, वन्य जीव रक्षक सोमबीर, अनिल कुमार अरोड़ा मौजूद रहे।