लोहारू के दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं का अवलोकन करते उपायुक्त नरेश नरवाल व अन्य अधिकारी। संव?
- फोटो : Bhiwani
लोहारू। उपायुक्त नरेश नरवाल ने वीरवार को लोहारू का दौरा कर विभिन्न शिक्षण संस्थाओं, निर्माणाधीन भवनों व वन विभाग सहित गांव गिगनाऊ के इंडो इजराइल बागवानी उत्कृष्ट केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका के सचिव तथा कानूनगो को निर्देश दिए कि नगर पालिका की भूमि की जमाबंदी व सिजरा से मिलान करके उसका सही रिकॉर्ड मेंटेन किया करें।
उन्होंने रानी झांसी लक्ष्मी बाई राजकीय बहुतकनीकी संस्थान का औचक निरीक्षण किया और स्टाफ की हाजिरी भी चेक की। उपायुक्त नरेश नरवाल सर्वप्रथम चौ. देवीलाल खेल स्टेडियम का अवलोकन कर स्टेडियम में 400 मीटर के ट्रैक का निर्माण करवाने और खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने चौ. बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण का निरीक्षण किया और राजस्व अधिकारियों से इसकी भूमि की जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग की भूमि का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने नगर पालिका सचिव व कानूनगो को निर्देश दिए कि वे लोहारू की खाली पड़ी भूमि का सिजरा व जमाबंदी से मिलान करके पूरा रिकॉर्ड मेंटेन करें। उन्होंने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के ढाई करोड़ की लागत से निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों को भवन में प्रयोग की जाने वाली सामग्री के लिए गुणवत्ता पर ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। लोहारू शहर में जलभराव वाले स्थानों का चयन कर ड्रेनेज सिस्टम का एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम जगदीश चंद्र, जिला वन अधिकारी वीरेंद्र गिल, नायब तहसीलदार संजय शर्मा, बीडीपीओ रेनुलता, बीईओ धूप सिंह आर्य, आरएफओ कैलाश, कानूनगो अनिल कुमार व रमेश उपस्थित रहे।