बोर्ड कार्यालय परिसर भिवानी में मतगणना केंद्र का निरीक्षण करते डीसी महाबीर कौशिक व अन्य अधिक
भिवानी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त महावीर कौशिक और मतगणना प्रेक्षकों ने स्थानीय हरियाणा शिक्षा बोर्ड विद्यालय में बनाए जिला की सभी विधानसभा (विस) क्षेत्रों के मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कौशिक ने बताया कि सभी स्ट्राॅन्ग रूम की सुरक्षा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप सही ढंग से की गई है। जिले के सभी चारों विस क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) और मतों की गणना से जुड़े अधिकारियों को चुनाव में मतगणना के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्टाफ के प्रथम रैंडमाइजेशन समेत सभी इंतजाम के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतगणना से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और राजनीतिक दलों के मतगणना अभिकर्ताओं के लिए बिजली, पेयजल, पंखे-कूलर का भी प्रबंध किया गया है।
उपायुक्त कौशिक ने बताया कि जिले की सभी विस क्षेत्रों की मतगणना शिक्षा बोर्ड परिसर में होगी। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की हिदायत के अनुसार प्रत्येक टेबल पर नियमानुसार स्टाफ की तैनाती की गई है। मतगणना पर्यवेक्षक (राजपत्रित अधिकारी राज्य या केंद्र सरकार/पीएसयू), मतगणना सहायक, मतगणना सूक्ष्म प्रेक्षक (केंद्र सरकार का अधिकारी, कर्मचारी), एक ग्रुप डी कर्मचारी, टेबलवार अधिकारियों की तैनाती की गई है।