मांगों को लेकर नारेबाजी करते जाटू खाप व अखिल भारतीय किसान सभा के पदाधिकारी।
भिवानी। जाटू खाप व अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में किसानों ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने उपायुक्त मनदीप कौर को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
किसानों ने कहा कि गांव घुसकानी, मिताथल, मण्ढ़ाना, धनाना, तिगड़ाना व प्रेमनगर में पीने के पानी का गंभीर संकट चल रहा है। सिंचाई के अभाव में किसानों की फसल सूख रही है। जाटू खाप के प्रधान कप्तान भीम सिंह मिताथल व किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से नहरों में पानी नहीं आ रहा है। बारिश के अभाव में खेती चौपट हो गई है। यदि 15 दिन तक नहरों में पानी नहीं आया तो किसान धान समेत खरीफ की फसल उगाने में असमर्थ रहेंगे।
उन्होंने सिंचाई अधिकारियों व जिला प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि उनके समस्या के समाधान के लिए आवश्यक जरूरी कदम उठाए जाए। प्रदर्शन में किसान सभा के जिला उप प्रधान ओम प्रकाश, ब्लाॅक सचिव प्रताप सिंह सिंहमार, महाबीर फौजी, जाटू खाप के सचिव मास्टर राजसिंह जताई, चतर सिंह धनाना, बलराज फौजी, अजमेर मिताथल, नरेंद्र मिताथल, सतपाल घुसकानी शामिल रहे।