भिवानी। हरियाणा में एचपीएससी के सबसे बड़े कथित घोटाले के तार भिवानी से भी जुड़ने लगे हैं। इस कथित घोटाले में सीबीएलयू के परीक्षा नियंत्रक का भी नाम सामने आया है। परीक्षा नियंत्रक की बर्खास्तगी की मांग को लेकर युवा कल्याण संगठन ने सीबीएलयू के वीसी को ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि हरियाणा में एचपीएससी (हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन) में हुए कथित घोटाले में एचसीएस अधिकारी सहित तीन लोगों को करोड़ों रुपये सहित गिरफ्तार किया है। सबसे बड़े कथित घोटाले के तार भिवानी से भी जुड़े हैं। जहां सीबीएलयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. पवन गुप्ता भी शामिल बताए जा रहे हैं। घोटाले में गठित जांच टीम सीबीएलयू भी आ चुकी है। वीसी को ज्ञापन सौंपते हुए युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने कहा कि सीबीएलयू को चाहिए कि परीक्षा नियंत्रक को बर्खास्त करें, ताकि विद्यार्थी का भरोसा सीबीएलयू की कार्यप्रणाली से न उठे। उन्होंने कहा कि एचपीएससी के साथ सीबीएलयू में हुई भर्तियों की जांच होनी चाहिए। इस अवसर पर बलवान पार्षद, सुरेंद्र टिटाणी, दीपक रंगा, मोनू प्रजापति, विक्की जाखड़, अजय नेहरा, जितेंद्र भोलू, अमित शर्मा कुडल, अनिल शेषमा, सुमित सिंधु, मुकेश शर्मा, हरदीप टाला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।