नागरिक अस्पताल में स्थित शवगृह के बाहर खड़े मृतक के परिजन।
भिवानी। तोशाम क्षेत्र के गांव संडवा के जलघर के टैंक में मोटर ऑपरेटर का शव बरामद हुआ। पुलिस के गोताखोरों ने मंगलवार देर रात 11 बजे तक टैंक से शव को पानी से बाहर निकाला और उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई। इसके बाद बुधवार को चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम हुआ।
गांव बड़दू चैना निवासी 35 वर्षीय विजय जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में बतौर मोटर ऑपरेटर संडवा गांव के जलघर में तैनात था। मंगलवार शाम को विजय के जलघर टैंक में डूबने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद तोशाम पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस के गोताखोर बुलाए गए। रात 11 बजे पुलिस के गोताखोरों ने विजय के शव को टैंक से बाहर निकाला। मृतक विजय चार बच्चों का पिता था। उसकी तीन लड़की और एक लड़का है।
मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने के दौरान जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सक से भी उलझ गए। उनका आरोप था कि विजय के शरीर पर पुलिस ने चोट के निशान बताए थे, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान ऐसी कोई चोट नहीं दिखाई गई। वहीं चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम हुआ। तोशाम पुलिस के जांच अधिकारी एचसी राकेश ने बताया कि मृतक की पत्नी अनीता के बयान दर्ज कर इस संबंध में फिलहाल इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।