ढिगावा। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर गांव कुडलवास की बणी में कीकर के पेड़ पर बुधवार शाम को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जूई कलां पुलिस को दी। जांच के बाद मामला लोहारू पुलिस थाना का निकला।
दरअसल, गांव बारवास निवासी हाल लोहारू में रह रहे सतीश का शव गांव कुडलवास की बणी में कीकर के पेड़ पर परने से फंदे पर लटका मिला। मृतक के परिजनों ने बुधवार दोपहर बाद तीन बजे ही इसकी सूचना लोहारू पुलिस को दी थी। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि सतीश घर से सुबह बाइक लेकर गया था, उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी ही थी कि गांव कुडलबास की बणी में उसके शव फंदे से लटके होने की सूचना मिली। मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। वहीं एंबुलेंस से शव को लोहारू अस्पताल ले जाया गया। सतीश की लोहारू में दादरी मोड पर चाय की दुकान थी। उसका कुडलबास में कुछ लोगों से रुपयों का लेन-देन बताया जा रहा है। बहरहाल लोहारू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस को मौके से बाइक भी बरामद हुई है। वहीं मृतक के पास सुसाइड नोट होने की जानकारी भी मिली है। फिलहाल इस संबंध में पुलिस भी अभी अपुष्ट है।
लोहारू थाने में बुधवार दोपहर बाद एक युवक के लापता होने की सूचना आई थी। जिस पर पुलिस उसकी तत्परता से तलाश कर रही थी। युवक का शव कुडलबास की बणी में बरामद हुआ है। लोहारू अस्पताल में शव का वीरवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों के बयान दर्ज किए जाने के बाद ही इस संबंध में आगे की कार्रवाई होगी। मृतक के पास से पुलिस को अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
- मदन कुमार, एसएचओ, लोहारू पुलिस थाना।