भिवानी। कस्बा मुंढाल के समीप धान के खेतों में पुलिस को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सिंघवा खास निवासी संदीप (36) के रूप में हुई। मृतक दो दिन पहले घर से अचानक लापता हो गया था। वहीं पुलिस ने शव का वीरवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
सदर पुलिस को दिए बयान में हिसार जिले के गांव सिंघवा खास निवासी फूल कुमार ने बताया कि संदीप शराब पीने का आदी था। उसके माता-पिता और भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। संदीप अविवाहित था और घर पर अकेला ही रहता था। उसने पुलिस को बताया कि उसे घर पर 17 सितंबर की सुबह देखा गया था, इसके बाद से ही वह लापता था।
सदर पुलिस को गांव मुंढाल के समीप धान के खेतों में एक व्यक्ति के शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त सिंघवा खास निवासी संदीप के रूप में कराने के बाद जिला नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया। सदर पुलिस के जांच अधिकारी एसआई दलबीर ने बताया कि पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। संवाद