बवानीखेड़ा में नशे के खिलाफ शिकायत सौंपने जाते कस्बावासी।
बवानीखेड़ा। कस्बे में हुक्के की आड़ में नशे के कारोबार पर रोकथाम लगाने को लेकर वीरवार को लोग एकजुट हुए ताकि युवाओं में बढ़ रहे नशे के प्रचलन को रोका जा सके। इसे लेकर कस्बावासियों ने हर वार्ड में युवाओं को नशा न करने के लिए प्रेरित किया। वहीं दूसरी ओर चल रहे नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए पुलिस में शिकायत भी दी।
कस्बावासी, पार्षद व पूर्व पार्षदों राजेश कुमार, सुंदर, बिमला, रमेश, सुभाष, कृष्ण, मीना, देसराज ने थाना में दी हस्ताक्षरयुक्त शिकायत में बताया कि कस्बे में अनेक जगहों पर युवा हुक्के की दुकान पर हुक्के का सेवन करते हुए नजर आते हैं। इससे बच्चों के जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कस्बे में इन दोनों बढ़ती चोरियों का मुख्य कारण भी नशे का कारोबार में लिप्त होना है।
शिकायत में बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं पर भी यहां बैठे युवक अभद्र टिप्पणी करते हैं। उन्हें समझाने पर वे झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। लोगों ने हुक्के की आड़ में नशे का कारोबार करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए लगाने की बात कही। वहीं दूसरी ओर नशे को लेकर थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि विभाग ने नशा मुक्त करने का अभियान चलाया हुआ है। नशे को पनपने नहीं दिया जाएगा। इस बारे उन्होंने बताया कि उन्हें अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।