भिवानी। ग्रुप डी में चयनित उम्मीदवार मेडिकल कराने के लिए जिला नागरिक अस्पताल में उमड़ पड़े। शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय के आफिस में जुटी मेडिकल कराने वालों की भीड़ को देखते हुए सीएमओ ऑफिस कार्यालय की छत पर अलग से व्यवस्था कराई गई। जहां मेडिकल के लिए चयनित उम्मीदवारों की लंबी कतारें लगीं। कर्मचारियों ने दस्तावेजों का एकत्रित किया। वहीं ओपीडी में भी मेडिकल के लिए आने वालों की वजह से व्यवस्था बिगड़ी। इस दौरान मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं ज्यादा भीड़ जुटने पर धक्का-मुक्की का माहौल भी बना। हालांकि व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस कर्मचारी भी तैनात रहे।
दरअसल ग्रुप डी के उम्मीदवारों की शुक्रवार को सूची जारी होने के बाद उम्मीदवार मेडिकल के लिए नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं। शनिवार को करीब एक हजार उम्मीदवारों ने मेडिकल के लिए अपने दस्तावेज जमा कराए। सुबह से ही ओपीडी के साथ सीएमओ आफिस और लैब में उम्मीदवारों की ही भीड़ दिखी। मरीज भी इसी भीड़ के बीच से चिकित्सक के पास अपना चेकअप कराने पहुंचे। ओपीडी में आए उम्मीदवारों ने बताया कि उनकी फाइल तैयार करने के बाद उन्हें ओपीडी में कई जगह मेडिकल के लिए घूमना पड़ा। ओपीडी के बाद लैब और फिर शुल्क की स्लिप कटाने के लिए भी लाइन में लगना पड़ा। जिस भी चिकित्सक के कमरे के आगे जाते वहां पहले से ही भीड़ लगी मिलती। ऐसे हालातों में डी ग्रुप चयनित उम्मीदवारों को मेडिकल की परीक्षा से भी गुजरना पड़ा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने डी ग्रुप में ज्यादा उम्मीदवारों को देखते हुए अलग से व्यवस्था कराई थी। हालांकि सिविल सर्जन कार्यालय की छत पर मलेरिया विभाग के सामने मेडिकल कराने वालों के लिए अलग से काउंटर लगाए गए। काफी महिला उम्मीदवार भी मेडिकल के लिए पहुंची। इन्हें भी यहां दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
चहेतों के मेडिकल कराने पर बिफरे उम्मीदवार
जिला नागरिक अस्पताल में कुछ कर्मचारी अपने चहेतों का मेडिकल पहले कराने लगे तो इस दौरान अन्य उम्मीदवार भी भड़क गए। इसको लेकर ओपीडी में कई उम्मीदवारों और कर्मचारियों के साथ भी कहासुनी हुई। वहीं मामला थोड़ी देर में ही शांत हो गया। मेडिकल के लिए घंटों तक उम्मीदवार कभी इधर तो कभी उधर फाइल लेकर घूमते रहे।
आज भी खुली रहेगी ओपीडी
मेडिकल के लिए रविवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने ओपीडी और सिविल सर्जन कार्यालय के स्टाफ को छुट्टी के बावजूद तैनात रहने के आदेश दिए हैं। रविवार को भी जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी और सिविल सर्जन कार्यालय का स्टाफ डी ग्रुप उम्मीदवारों का मेडिकल कराएगा। इसके लिए अलग से व्यवस्थाएं भी कराई गई हैं।
डी ग्रुप में जिन उम्मीदवारों का चयन हुआ है। उन सभी का स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल किया जाएगा। उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे संयम मनाए रखें और अपने अभिभावकों को साथ लेकर ओपीडी व कार्यालय में न आएं। सभी चयनित उम्मीदवारों के मेडिकल के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं और सभी कर्मचारियों को भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। रविवार को भी मेडिकल कराए जाएंगे।
- डॉ रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।