भिवानी। गांव तिगड़ाना के खेतों में फसल अवशेष रह-रह कर सुलग रहे हैं। रविवार रात को भी गांव तिगड़ाना के खेतों में करीब 20 एकड़ में फानों में आग लग गई। जिस पर दमकल की गाड़ी भी दौड़ी। वहीं सोमवार सुबह तक भी खेतों से धुआं उठता रहा।
फसल अवशेष जलाने के मामले नहीं थम रहे हैं। वहीं दमकल विभाग को भी मौके पर कोई भी नहीं मिलता है। आग की सूचनाएं ही लगातार जिला दमकल विभाग के कंट्रोल रूम में पहुंच रही हैं। अब तक भिवानी जिले में फसल अवशेषों व खेतों में आग की करीब 65 से अधिक सूचनाएं दमकल विभाग के पास आ चुकी हैं, जिन पर हर सूचना पर विभाग की गाड़ी भी पहुंची है।
इन दिनों तेज हवाएं भी चल रही हैं, ऐसे में बिजली लाइनों से उठी चिंगारी भी फसल अवशेषों में आग की वजह बन रही हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से खेतों में फसल अवशेष जलाने पर पूरी तरह से पाबंदी है और इस पर हरसेक कंपनी सेटेलाइट के जरिये फसल अवशेष जलाने के मामलों की निगरानी भी कर रही है। बावजूद इसके खेतों में फसल अवशेष सुलग रहे हैं। इससे पर्यावरण समेत मिट्टी काे भी बहुत नुकसान हो रहा है। तमाम प्रयासों के बावजूद इस पर रोक नहीं लग सकी।