फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलग-अलग हादसों में दो की मौत, तीन घायल

Tue, 16 Feb 2016 12:49 AM IST
चरखी दादरी ब्यूरो ।
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। क्षेत्र में सोमवार को हुए दो अलग अलग हादसों में दो की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हादसा सतनाली रोड पर झोझू के समीप हुआ, जिसमें एक डंपर ने कार को सीधी टक्कर मार दी। घटना में गाड़ी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर दूसरा हादसा ढाणी फौगाट रोड पर हुआ। यहां सड़क के किनारे खड़ी बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें एक युवती की मौके पर मौत हो गई और उसका चाचा व एक अन्य युवती घायल हो गए। युवती की गंभीर हालत हो देखते हुए उसे भिवानी सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। पहला हादसा : प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव झोझू खुर्द निवासी सुरेंद्र अपने साथी बड़रई निवासी पवन के साथ कार में सवार होकर रामबास से झोझू की तरफ आ रहा था। झोझू से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले सामने से क्रेशर से भरे आ रहे डंपर ने उनकी गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर दे मारी। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार सवार सुरेंद्र और पवन को हादसे में गंभीर चोटें आई। घटना के तुरंत बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कार सवार दोनों घायल युवकों को संभाला और दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र(22) को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। सिविल अस्पताल में पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद सुरेंद्र का शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक सुरेंद्र बीएससी का छात्र था जबकि उसका साथी पवन बीए कर रहा है। इस संबंध में आदमपुर चौकी प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक सुरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवा पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।दूसरा हादसा : गांव सेहलंगा निवासी रमेश अपनी भतीजी ज्योति व उसकी सहपाठी पूनम को बाइक पर लेकर किताबें दिलाने दादरी आया हुआ था। बाजार से किताबें खरीदकर वो जब वापिस अपने गांव जाने के लिए निकले तो ढ़ाणी फौगाट पर एक रेहड़ी से सामान लेने के लिए बाइक रोक दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर दे मारी। घटना में ट्रक का टायर बाइक के उपर से गुजर गया। हादसे में बाइक के पीछे बैठी ज्योति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में उसका चाचा रमेश व एक छात्रा पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने मामले से पुलिस को अवगत करवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ज्योति के शव को अपने कब्जे में ले लिया। सिवल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पूनम की बिगड़ती हालत को देखते चिकित्सकों ने भिवानी रेफर कर दिया। शहर पुलिस थाना प्रभारी सुखवीर सिंह ने बताया कि  ज्योति के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायल रमेश  रेलवे में नौकरी करता है। मृतका ज्योति  कोचिंग ले रही थी। रमेश के  साथ बाइक पर सवार होकर पूनम व ज्योति  शहर में पुस्तकें खरीदने आई थी। 
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें