भिवानी। चोरों ने बुधवार रात एमसी कॉलोनी ग्वार फैक्ट्री के पीछे के तीन मकानों को निशाना बनाया। चोर एक मकान से करीब तीन लाख के आभूषण व नगदी चोरी करने में कामयाब रहे। पुलिस व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने शिकायत के बाद मौके पर का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार रात एमसी कॉलोनी एक बार फिर चोरों के निशाने पर रही। चोरों ने एक ही रात में तीन मकानों के ताले तोड़ डाले। मगर वे एक मकान में ही चोरी कर सके। चोर एमसी कॉलोनी के मकान नंबर 107 में प्रथम तल पर किराये पर रहने वाले पृथ्वी सिंह का सामान चोरी कर ले गए। वे 80 हजार की नगदी के अलावा करीब सवा दो लाख के गहनों पर अपना हाथ साफ कर गए। चोरी का सुबह पता लगा। चोरी की सूचना पर कॉलोनी में हड़कंप मच गया। टीआईटी चौकी पुलिस पहुंची और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एसआई बालकिशन, एएसआई कुलदीप ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पीड़ित पृथ्वीराज ने बताया कि वे यहां किराये पर रहते है और सड़क के दूसरी तरफ उनका खुद का मकान बन रहा है। पूरा परिवार वहीं पर सो गया। किराये का मकान बंद था। उसकी पत्नी दिल्ली से साड़ी, कपड़े मंगवाकर बेचती है तो घर में काफी साड़ियां थी। साथ ही इन कमरों में पत्नी, पुत्रवधु व बेटी की ज्वैलरी रखी थी, जो चोरी कर ले गए। पृथ्वीराज ने बताया कि चोर मकान से करीब 80 हजार की नगदी, करीब 80 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने की टॉप्स, दो अंगूठी, छह चुटकी, चार नथनी पांच जोड़ी पाजेब, बच्चों की घुंघुरू वाली पाजेब चोरी कर ले गए। कुछ कपड़े भी चोरी कर ले गए।
एंट्री कैसे की, नहीं लगे सुराग
चोरी की सूचना के बाद फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एसआई बालकिशन व एएसआई कुलदीप ने काफी समय तक मकान व आसपास का क्षेत्र खंगाला। चोरी वाले मकान में अधिकतर सामान को परिवार के ही लोगों ने हाथ लगाए हुए थे। जब फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने दीवारों पर निशान जुटाने के प्रयास किए तो वहां भी उन्हें कोई खास सबूत नहीं मिले। अब सभी के लिए चोरी पहेली बनी है कि चोरों ने घर में एंट्री कैसे की।
वर्जन:::
चोरी की सूचना आई है। मामले की जांच की जा रही है। तीन मकानों में चोर घुसे है। दो में चोरी का प्रयास है और एक में सामान चोरी किया गया है।
बीर सिंह, इंचार्ज, टीआईटी चौकी