भिवानी। नंद गांव में रात को दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। झगड़े में सरपंच को भी सिर में चोट आई। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।
रात करीब सवा नौ बजे नंद गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा। दोनों ओर से लाठी डंडे चले। झगड़े में एक पक्ष से करीब 25 वर्षीय युवक प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत घायल को गंभीर हालत में उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव के सरपंच प्रताप सिंह को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके सिर में चोट आई है। मामले की सूचना पर सदर थाना प्रभारी उदमीराम अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों व घायल सरपंच से मामले की जानकारी ली।
मृतक के पिता रामफल ने बताया कि उसका बेटा जमींदारा करता था। देर शाम सभी खेत से घर लौटे थे। रात करीब सवा नौ बजे वह और उसके परिवार के सभी सदस्य घर में थे, तो छह-सात लोग आए और मारपीट शुरू कर दी। लाठी डंडे मारने लगे। उसका बेटा प्रदीप छूटने का प्रयास करने लगा। तभी अचानक उसके सिर में चोट मारी और वह दरवाजे के पास ही गली में गिर गया। जिसे अस्पताल लाए तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अब दूसरे पक्ष के लोग भी एडमिट होकर चोट लगने का नाटक कर रहे है। मृतक युवक का एक डेढ़ साल का बच्चा है।
मामले में एसएचओ उदमीराम ने बताया कि झगड़े में युवक की मौत की सूचना आई है। अभी जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।