भिवानी। दो जगह एटीएम मशीन तोड़ने और एक एटीएम से रुपये चोरी की वारदात के हरकत में आई पुलिस ने दिनभर आरोपियों की तलाश में भटकती रही। पुलिस कॉल लोकेशन और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आए चेहरों के आधार पर आरोपियों की तलाशती रही। उधर रेंज के अन्य थानों में भी आरोपियों के फोटो भेजकर पकड़ने में मदद ली जाएगी।
सोमवार सुबह चोरों ने शहर में दो जगह एटीएम मशीनों को निशाना बनाया। सुबह करीब साढ़े पांच बजे घंटाघर चौक के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को तोड़ा। सुबह करीब सवा आठ बजे हांसी गेट स्थित हलवासिया मॉल में देना बैंक के एटीएम को तोड़ा। यहां से चोर नगदी चोरी करने में भी कामयाब रहे। चोरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरा में साफ कैद हुए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। शहर में कुछ जगह नाकेबंदी कर तलाश की गई तो कुछ कॉलोनियों में जाकर भी शहर थाना पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और कॉल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीआईए पुलिस को भी आरोपियों की फुटेज दी गई है। अब रेंज के सभी थानों में भी फुटेज और आरोपियों के फोटो भेजने की तैयारी है। मामले में एसएचओ अश्विनी कुमार ने बताया कि एटीएम मशीन तोड़ने वाले चोरों की तलाश की जा रही है।