12 साल की बच्ची ने सेवानिवृत्त फोरमैन को बातों में उलझाया और 10 साल का बच्चा बाइक की डिग्गी से रुपयों का भरा बैग लेकर फुर्र हो गया। बैग में 81 हजार की नगदी व जरूरी कागजात थे।
सारा खुलासा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हुआ। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीतूवाला जोहड़ क्षेत्र शास्त्री नगर वासी सेवानिवृत्त फोरमैन रण सिंह बच्चों की ठगी और चोरी का शिकार हुआ।
बृहस्पतिवार दोपहर उन्होंने कैनरा बैंक घंटा घर से 78 हजार की नगदी निकाली और बैग में डाली। बैग में पहले से ही करीब तीन हजार रुपये थे। रण सिंह ने बताया कि उसने रुपयों से भरा बैग अपनी बाइक की डिग्गी में डाला और बाइक स्टार्ट करने लगा तभी एक करीब 12 वर्षीय बच्ची उसके पास आई और हांसी गेट की ओर इशारा करते हुए पूछा कि यह रास्ता कहां जाता है।
रण सिंह ने बताया कि उसने उसे जवाब दिया कि यह हांसी गेट और आगे सब्जीमंड़ी की ओर जाता है। इसके बाद बच्ची ने उसे थैंक्यू कहा और बाइक के आगे से घूमकर घंटाघर की ओर चल दी। बच्ची ने रास्ता हांसी गेट की ओर का पूछा और उल्टा दिशा में चली तो उसे शक हुआ।
उसने तुरंत बाइक की डिग्गी खोलकर देखी तो उसमें से रुपये गायब थे। उसने पीछा किया मगर लड़की सराय चौपटा की ओर भागकर गायब हो गई। रण सिंह ने बताया कि बैग में करीब 81 हजार की नगदी के अलावा एक मोबाइल, पांच बैंकों की कॉपियां, एटीएम, पहचान पत्र व अन्य जरूरी कागजात थे।
उसने तुरंत बैंक जाकर एटीएम बंद करवाये। चोरी की सूचना टीआईटी पुलिस चौकी में दी। मामले में टीआईटी चौकी इंचार्ज बीर सिंह ने बताया कि बाइक की डिग्गी से 81 हजार रुपये चोरी की शिकायत आई है। मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।
--
बच्ची ने इशारा किया और बच्चा ले उड़ा रुपये
बाइक की डिग्गी उड़ाने की घटना के बाद जब बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो सारा मामला साफ हो गया। फुटेज में साफ हुआ कि बच्ची ने रण सिंह को बातों में उलझाने से पहले छोटे बच्चे की ओर इशारा किया। इसके बाद पलक झपकते ही बच्चा रुपये ले उड़ा। मामले में यह भी सामने आया कि उक्त बच्चों ने रण सिंह के एंट्री करते समय ही निशाना बना लिया था। तभी वे बैंक की फुटेज में कही नजर नहीं आए और रण सिंह के निकलते ही कैमरे के सामने आए।