चांग। दिवाली की रात करीब 9 बजे गांव चांग बस स्टैंड पर स्थित पवन मेडिकल हाल में आग लगने के कारण लाखों रुपये की दवाइयां व अन्य सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसियों की सहायता से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर बिग्रेड भिवानी को दी, लेकिन फायर बिग्रेड आने से पहले ही ग्रामीणों व महिलाओं ने आग पर काबू पा लिया था। दुकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे पड़ोसियों से पता चला कि दुकान में आग लग गई है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना फायर बिग्रेड को दी थी, लेकिन फायर बिग्रेड की गाड़ी आने से पहले आग पर कड़ी मशक्कत के बाद पड़ोसियों की सहायता से काबू पा लिया था। पवन कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण विभिन्न दवाईयों सहित फर्नीचर का सामान व अन्य सामान सहित करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। गुजरानी चौकी एसआई भीम सिंह ने मौके का मुआयना करके जांच शुरू की।