फौगाट खाप के उप प्रधान पर चाकुओं से हमला बोल कार और बाइक सवार बदमाशों ने करीब 1.20 लाख रुपये की नकदी लूट ली। बाद में लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बेसुध होने से पहले खाप पदाधिकारी ने हमलावरों को पहचान लिया। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग किया गया चाकू भी मौके से बरामद कर लिया है।
फौगाट खाप के उप प्रधान बोबी फौगाट शनिवार रात झज्जर घाटी स्थित अपने प्रापर्टी डीलिंग ऑफिस से बाइक से घर जा रहे थे। उनके भाई रिंपी फौगाट ने बताया कि रात करीब सवा 10 बजे वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम एक प्लॉट की 1.20 लाख की पेमेंट कोई देकर गया था। यह रुपये लेकर बोबी रात करीब 10 बजे अपने ऑफिस से कॉलेज रोड स्थित अपने मकान के लिए निकला था। रिंपी ने बताया कि जब वह खटीकान मोहल्ला से स्टेडियम की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंचा तो इसी दौरान पीछे से आकर दो बाइक सवार युवकों ने बाइक रुकवा ली। बोबी फौगाट कुछ समझ पाते इससे पहले ही पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में बोबी उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। इसके बाद कार व बाइक सवार युवक उसके पास पहुंच गए। इसी दौरान बोबी ने इन बदमाशों को पहचान लिया। इसके बाद जब उक्त बदमाशों ने उनकी जेब से रुपये निकालने का प्रयास किया तो बोबी ने इसका विरोध किया। ऐसा करने पर उनमें से एक बदमाश ने चाकू निकालकर धड़ाधड़ बोबी पर वार कर दिए। बचाव के प्रयास में दोनों हाथ लहूलुहान हो गए। इससे भी बदमाशों का मन नहीं भरा। इसके बाद उन्होंने गाड़ी से लोहे की रॉड निकालकर उस पर कई वार किए।
बाद में शोर-शराबा सुनकर घरों से बाहर निकलते लोगों को देखकर बदमाश अपनी बाइक व कार में बैठकर फरार हो गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मामले की सूचना सिटी पुलिस व घायल के परिजनों को दी। बाद में बोबी का भाई रिंपी अन्य साथियों सहित मौके पर पहुंचा और उसे बेसुध हालत में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हमले व लूट की सूचना मिलते ही फौगाट खाप के पदाधिकारियों सहित काफी तादाद में लोग पीजीआई पहुंचे। रिंपी फौगाट ने बताया कि बदमाशों में से दो सगे भाइयों सहित अन्य को भी पहचान लिया। इस दौरान एक ने उसे पकड़ लिया जबकि अन्य ने चाकू निकालकर उस पर लगातार वार कर दिए। इसके बाद जब लहु-लूहान होकर बोबी सड़क पर गिर गया तो हमलावरों ने उसकी जेब से रुपये निकाल लिए और कॉलेज रोड की तरफ फरार हो गए।