चरखी दादरी। शहर की महेंद्रगढ़ चुंगी निवासी एक गर्भवती महिला ने अपने पति पर मारपीट कर घायल करने के आरोप लगाए है। घायल महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस में महिला के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। घायल महिला सात माह की गर्भवती है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन महेंद्रगढ़ चुंगी निवासी घायल महिला गीता (25) ने बताया कि वह सात माह की गर्भवती है। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे किसी बात को लेकर उसके पति ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। पति ने गाली-गलौज किया और जब उसने विरोध किया तो उसके पति ने तैश में आकर उस पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान उसे चोटें आई और बाद में पड़ोस के लोगों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। खबर लिखे जाने तक महिला के बयान दर्ज करने पुलिस सिविल अस्पताल नहीं पहुंची थी।