भिवानी के जूई कलां पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में एक व्यक्ति को रंजिश के चलते रास्ते में रोककर कुछ लोगों के द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। बदमाश, व्यक्ति को बेहोश की हालात में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर घायल के बयान दर्ज किए और बयान के आधार पर तीन व्यक्तियों को नामजद करके पांच लोगों के खिलाफ मारपीट धमकी व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
गांव धिराणा माजरा की है घटना
गांव धिराणा माजरा निवासी घायल बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम को छह बजे कन्या पाठशाला के समीप से गुजर रहा था। उसी दौरान कुछ व्यक्ति आए और उसे जबरदस्ती उठाकर ले गए। उन्होंने उसके साथ हॉकी व डंडों के साथ मारपीट की और उसे अधमरा करके मौके से भाग गए। घायल ने बताया उन व्यक्तियों में से वह बिंद्र, राहुल, मोनू को जानता है।
जूई कलां पुलिस थाना में केस दर्ज, तीन नामजद
उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता की उक्त व्यक्तियों के साथ पहले झगड़ा हुआ था। उसी की रंजिश में उसके साथ मारपीट की गई है। घायल ने अपने परिवार के सदस्यों की जान को भी खतरा बताया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में घायल के बयान पर आरोपियों पर मारपीट, धमकी व अन्य धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।