अदालत में विचाराधीन अतिक्रमण के मामले में शहर के अधिवक्ताओं ने अब संबंधित विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है।
अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए सनवाई के लिए छह नवंबर मुकरर की है। पिछले दिनों शहर के अधिवक्ताओं ने बढ़ते अतिक्रमण को लेकर दादरी अदालत में एक याचिका दायर की थी।
याचिका में अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन प्रधान प्रवीन श्योराण और अन्य ने कहा कि शहर में अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का बुरा हाल है। इस पर अदालत ने सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग अधिकारियों को नोटिस कर इस संबंध में की गई कार्रवाई का ब्यौरा भी मांगा था।
संबंधित विभाग अधिकारियों ने मंगलवार को इस संबंध में अपनी प्रोगेस रिपोर्ट से भी अदालत को अवगत कराया था। अब अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन प्रधान प्रवीन श्योराण और सचिव मुकेश कुमार ने बुधवार को इस संबंध में एक अवमानना याचिका और दायर कर दी।
याचिकाकर्त्ताओं ने अपनी याचिका में कहा कि प्रशासनिक और विभाग अधिकारी इस पूरे मामले में लीपापोती कर रहे हैं। अदालत के आदेशों की अवहेलना की जा रही है।
बार एसोसिएशन प्रधान प्रवीन श्योराण ने बताया कि अदालत ने यह याचिका स्वीकारते हुए डीसी, एसडीएम, नगर परिषद सचिव, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता व यातायात पुलिस इंचार्ज को छह नवंबर के लिए नोटिस जारी किया है।
अगर कोई नोटिस आता है तो हम कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे। अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन गंभीर है।
बिजेंद्र हुड्डा, एसडीएम