नगर परिषद के पूर्व प्रधान रमेश मस्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल को उसके चार साथियों के साथ शनिवार की रात तोशाम के ईशरवाल-मिरान रोड (झुल्ली मोड़) से सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इनके पास से चार देसी कट्टा, दो पिस्तौल और 15 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की आरंभिक पूछताछ में पेरोल से फरार राहुल ने रमेश मस्ता के बेटे व पूर्व पार्षद पुनीत मस्ता को खत्म करने और शहर में गैंग स्थापित करने की प्लानिंग के बारे में खुलासा किया।
रविवार को एसपी सुरेंद्र भौरिया ने राहुल समेत पांच की गिरफ्तारी व उनके इरादों के बारे पत्रकारों से बातचीत में बताया। उन्होंने बताया कि सीआईए पुलिस ने शहर में पनप रहे गैंग का पर्दाफाश किया है। भौरिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में मुख्य आरोपी राहुल का उद्देश्य शहर में दहशत फैलाना, कई लोगों की हत्या कर अपना गैंग स्थापित करना था। राहुल नगर परिषद चेयरमैन रमेश मस्ता की हत्या केस में गवाह और उनके बेटे पुनीत मस्ता की हत्या की योजना बना रहा था। इस सिलसिले में गत 29 अप्रैल को सिटी थाना में पुनीत ने अपने पिता के हत्यारे राहुल से जान का खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
एसपी ने बताया कि पांचों आरोपी को बीती रात होंडा सिटी कार (एचआर 21-के 5525) में सवार होकर लूट की योजना बनाते हुए धर-दबोचा। आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है, कई अन्य खुलासे हो सकते हैं। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये हथियार कहां से लाए और किन-किन लोगों की हत्या का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने सीआईए इंचार्ज रविन्द्र कुमार व डीएसपी हेड क्वार्टर चन्द्रपाल को इस कामयाबी का श्रेय दिया।
दो पिस्टल, दो पिस्तौल व 15 कारतूस बरामद
पुलिस ने राहुल से 9 एमएम के देसी पिस्टल व पांच कारतूस, उसके साथी वीरेन्द्र उर्फ पिंकी से 32 बोर की देसी पिस्टल व आठ कारतूस, वरुण उर्फ विक्की से एक देसी पिस्टल व एक कारतूस, आकाश से एक देसी पिस्टल व एक कारतूस तथा मानव से टॉर्च बरामद की है।
वीरेंद्र व वरुण ने की थी पुनीत के घर की रेकी
गत 29 अप्रैल को पुनीत मस्ता के घर के बाहर दो संदिग्ध युवकों की गतिविधि के बाद पुलिस को सूचित किया गया था। बाइक सवार दोनों युवक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए थे। एसपी ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी में जो दो युवक दिखाई दे रहे हैं, वे वीरेंद्र व वरुण थे। दोनों राहुल के कहने से रेकी करने आए थे।
पेरोल खत्म होने के बाद नहीं लौटा जेल
रमेश मस्ता हत्याकांड में सजायाफ्ता राहुल करनाल जेल में था और तीसरी बार पैरोल मिलने पर वापस जेल नहीं गया। इस बारे में करनाल जेल के अधीक्षक के पत्र के बाद शहर थाने में राहुल उर्फ शशि प्रताप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रमेश मस्ता हत्याकांड में राहुल उम्रकैद की सजा काट रहा है।
राहुल के खिलाफ दर्ज हैं सात मुकदमे
शहर की जेलदार घाटी लोहड़ बाजार में रहने वाले राहुल के खिलाफ रमेश मस्ता हत्याकांड के अलावा सात मामले दर्ज हैं। केलंगा गांव के अमरू पाना निवासी वीरेंद्र पिंकी पर हत्या व हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज हैं। हालु मोहल्ला निवासी आकाश के खिलाफ हत्या व एक अन्य मुकदमा दर्ज है। चौखानी इस्टेट अमन विहार के निवासी मानव शर्मा के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज है।